Uncategorized
रामनगर में वन कर्मियों और तस्करों के बीच भीषण मुठभेड़, 15 राउंड फायरिंग के बाद हुए फरार

रामनगर। खैर के पेड़ों को काटने घुसे अज्ञात तस्कर व वन कर्मियों के बीच तड़के मुठभेड़ हो गई। तस्कर व वन कर्मियों के बीच फायरिंग हो गई। खुद को घिरता देख तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग गए। तड़के वन विभाग की टीम वन क्षेत्र में गश्त पर थी। करीब ढाई बजे गुलजारपुर बीट के एन-2 क्षेत्र में टीम को जंगल में लोगों की हलचल दिखी। वन कर्मियों ने जैसे ही घेराबंदी शुरू की, और वन कर्मियों को ललकारा तो पेड़ काटने आए तस्कर ने वन विभाग की टीम पर गोलियां चलाना शुरू कर दी।जवाब में वन कर्मियों की टीम ने भी करीब 15 राउंड फायरिंग की तो तस्कर फरार हो गए। वन कर्मियों ने रात भर सर्च आपरेशन चलाया तो तस्कर की तीन बाइकें मिली। तस्कर खैर की लकड़ी चुराने में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिलें मौके पर ही छोड़ गए थे। वन विभाग ने तीनों बाइकों को सीज कर जुड़का वन परिसर में खड़ा करवा दिया है।रामनगर वन प्रभाग के रेंजर शेखर तिवारी ने बताया कि अज्ञात तस्कर के विरुद्ध वन अपराध का केस दर्ज किया गया है। प्रभागीय वनाधिकारी प्रकाश चंद्र आर्या ने बताया कि फरार तस्कर की शिनाख्त और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें कार्रवाई कर रही है।






