Connect with us

Uncategorized

महिला को मारने वाले गुलदार को वन विभाग ने किया ढेर

रुद्रप्रयाग। जखोली ब्लॉक के मखेत गांव में महिला को मारने वाले आदमखोर गुलदार को वन विभाग की टीम ने मार गिराया। घटना के बाद ग्रामीणों के आक्रोश और दबाव के चलते देर रात वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए गुलदार को ढेर किया। विभाग को मंगलवार रात एक बजे के बाद गुलदार के मारे जाने की सूचना मिली।सोमवार देर शाम मखेत गांव निवासी रामेश्वरी देवी अपने घर के समीप खेत में निराई-गुड़ाई कर रही थीं। इसी दौरान गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। गुलदार ने महिला की गर्दन पर नाखून और दांतों से हमला किया और घसीटते हुए झाड़ियों की ओर ले गया।शाम करीब साढ़े सात बजे जब महिला का बेटा चंद्रशेखर दुकान से घर लौटा तो मां को न पाकर पिता से पूछा। पिता ने बताया कि वह खेत में काम करने गई है। जब बेटा खेत पहुंचा तो वहां खून बिखरा मिला। शोर मचाने पर ग्रामीण इकट्ठा हुए और तलाश शुरू की गई। महिला का शव खेत से लगभग दो सौ मीटर दूर झाड़ियों में मिला।ग्रामीणों ने बताया कि यह घटना क्षेत्र में अकेली नहीं है। इससे पहले 30 मई को डांडा गांव में रूपा देवी (59) और 25 फरवरी को देवल गांव में एक बुजुर्ग महिला गुलदार का शिकार बन चुकी हैं। लोगों का कहना है कि लगातार हमलों के बावजूद वन विभाग ने पहले कोई ठोस कदम नहीं उठाया।मंगलवार रात हुई कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली, लेकिन साथ ही मांग की है कि वन विभाग क्षेत्र में गश्त बढ़ाए और गुलदारों की निगरानी के लिए ठोस व्यवस्था करे, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

More in Uncategorized

Trending News