Uncategorized
हल्द्वानी – बेटे को पूछतांछ के लिए हिरासत में ले गई पुलिस, छोड़ने की गुहार लगाकर थाने पहुंची मां ने सदमे में तोड़ा दम
मीनाक्षी
हल्द्वानी – मुखानी थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा बेटे को हिरासत में लिए जाने के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान दुर्गा कॉलोनी निवासी सविता जोशी के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि बेटे को छुड़ाने के लिए सविता ने पुलिस से गुहार लगाई थी, लेकिन उसे गंभीरता से नहीं लिया गया। घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की बात कही है जानकारी के अनुसार, दुर्गा कॉलोनी में किराये के मकान में रहने वाले राजीव जोशी रामपुर रोड स्थित नैनीताल मोटर्स में नौकरी करते हैं। मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे मुखानी पुलिस ने उनके बेटे को हिरासत में लिया था। पुलिस के मुताबिक, युवक सार्वजनिक स्थान पर हंगामा कर रहा था। हालांकि, परिवार ने ऐसी किसी घटना से इनकार किया है।बेटे के हिरासत में लिए जाने की जानकारी मिलने पर सविता जोशी थाने पहुंचीं। परिजनों के मुताबिक, उन्होंने बेटे को छोड़ने की गुहार लगाई। पुलिस ने बताया कि युवक का 81 एक्ट के तहत चालान किया गया है और उसे बाद में छोड़ दिया जाएगा। इसके बाद सविता घर लौट आईं।
बुधवार दोपहर करीब चार बजे अचानक सविता की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि महिला की हालत बिगड़ने की सूचना पुलिस को भी मिली थी। इसके बाद पुलिस ने हिरासत में लिए गए युवक को छोड़ दिया बेस अस्पताल से महिला के शव को मोर्चरी भेज दिया गया। अस्पताल के रिकॉर्ड में महिला को ‘ब्रॉट डेड’ यानी मृत अवस्था में अस्पताल लाए जाने का उल्लेख किया गया है। देर शाम होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका। आज पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के अनुसार, मामला आभूषणों के लेनदेन से जुड़े विवाद से भी संबंधित है। इसी मामले को लेकर गुरुवार को दोनों पक्षों को मुखानी थाने बुलाया गया था और सविता भी वहां पहुंची थीं। इसके बाद उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होगी। उधर, महिला की मौत से परिवार सदमे में है। मृतका के पति राजीव जोशी ने कहा कि उनके साथ गलत हुआ है। उन्होंने बताया कि अंत्येष्टि के बाद वह पूरे मामले की जानकारी सामने रखेंगे।






