Uncategorized
हल्द्वानी: शिवांगी पांडेय नेएशियन यूथ पैरा गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीता
मीनाक्षी

हल्द्वानी। इंस्पिरेशन पब्लिक स्कूल हल्द्वानी की प्रतिभाशाली पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी शिवांगी पांडेय ने एशियन यूथ पैरा गेम्स 2025 के बैडमिंटन वर्ग में कांस्य पदक जीता।यह प्रतियोगिता 7 से 14 दिसंबर तक दुबई में आयोजित हुई। अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के बाद शिवांगी जब हल्द्वानी लौटीं तो उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।शिवांगी ने इस प्रतिष्ठित एशियाई प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया। एशिया के शीर्ष पैरा बैडमिंटन खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा करते हुए शिवांगी ने उत्कृष्ट कौशल, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया।इससे पहले जुलाई 2025 में शिवांगी ने युगांडा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक, अपने नाम किया। वहीं सितंबर 2025 में लखनऊ में आयोजित यूथ नेशनल पैरा बैडमिंटन चैम्पियनशिप 2025 में उन्होंने सिंगल्स में स्वर्ण पदक तथा मिक्स्ड डबल्स में रजत पदक जीता।इसके अतिरिक्त, दिल्ली में आयोजित खेलो इंडिया गेम्स में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया। विद्यालय की चेयरपर्सन गीतिका बल्यूटिया, प्राचार्य अनुराग माथुर ने उनके शानदार प्रदर्शन पर खुशी जताई है।






