Uncategorized
इन्दर पाल आर्य बने उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश सचिव, बोले- 2027 में पूर्ण बहुमत से बनेगी कांग्रेस सरकार

लालकुआँ। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की कवायद के तहत लालकुआँ विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ नेता एवं कांग्रेस अनुसूचित जाति (एससी) विभाग के जिला अध्यक्ष इन्दर पाल आर्य को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया है। नई जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने कांग्रेस हाईकमान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए इन्दर पाल आर्य ने कहा कि वह लंबे समय से कांग्रेस संगठन में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए पार्टी को मजबूत करने का कार्य करते रहे हैं। प्रदेश सचिव के रूप में भी उनकी प्राथमिकता संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाना और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट करना होगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वह वर्तमान में कांग्रेस एससी विभाग के जिला अध्यक्ष के पद पर भी कार्यरत हैं और फिलहाल इस पद को छोड़ने का कोई सवाल नहीं है। उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्ष पद को लेकर विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी स्तर पर मंथन किया जाएगा। तब तक वह दोनों जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहेंगे।
इस दौरान इन्दर पाल आर्य ने प्रदेश और केंद्र की भाजपा सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है। महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जनता अब भाजपा की नीतियों को समझ चुकी है और बदलाव चाहती है।
उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और प्रदेश में जनहित की नीतियों को प्राथमिकता दी जाएगी। स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी इन्दर पाल आर्य को नई जिम्मेदारी मिलने पर खुशी जताते हुए इसे संगठन के लिए सकारात्मक कदम बताया।






