Uncategorized
महिला अफसर की जांच रिपोर्ट करेगी थप्पड़ कांड का पर्दाफाश
हल्द्वानी, कोतवाली में एसओजी सिपाही के महिला दरोगा को थप्पड़ जड़ने का मामला पुलिस मुख्यालय तक पहुंच चुका है। इस मामले में एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी ने महिला सीओ को जांच सौंपी है। हफ्ते भर के अंदर जांच रिपोर्ट एसएसपी को मिल जाएगी। जिसके बाद महिला दरोगा व सिपाही पर सख्त एक्शन लेने की तैयारी है। पांच दिन पहले सुबह के समय विवाद के बाद एसओजी में तैनात एक सिपाही ने कोतवाली में वर्दीधारी महिला दरोगा को थप्पड़ जड़ दिया था। इतना ही नहीं कहासुनी के बाद कनपटी पर पिस्टल भी तान दी थी। जिसके बाद चौकी प्रभारी महिला दरोगा ने शिकायत दी। लेकिन शिकायत में मुकदमा नहीं दर्ज करने की बात कही है। जिसके बाद पूरा पुलिस महकमा अब दोनों की घनिष्ठता के कारण तलाशने में जुट गई है ताकि कार्रवाई के लिए मनाही की वजह सामने आ सके। इसके अलावा ये भी पता किया जा रहा है कि दोनों जब सहकर्मी भी नहीं तो विवाद क्यों हुआ। सूत्रों के मुताबिक दोनों के बीच पांच दिन पहले सुबह के समय पहले महिला दरोगा के घर के पास विवाद हुआ। इसके बाद मामला चौकी पहुंचा जहां सिपाही ने दरोगा को पीटा। इसके बाद अंत में कोतवाली तक मामला पहुंचा और थप्पड़ कांड हुआ। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित चौकी से महिला दरोगा को हटाने की तैयारी है।
जांच के बाद कार्रवाई की तैयारी
महिला राजपत्रित अधिकारी से घटना की जांच कराई जा रही है। शीघ्र जांच रिपोर्ट मुझे मिल जाएगी। जिसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
डॉ.मंजूनाथ टीसी, एसएसपी





