Uncategorized
छात्रसंघ चुनाव से पहले नैनीताल पुलिस अलर्ट, कॉलेजों में फोर्स तैनात

एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने कहा—लिंगदोह समिति के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई
अपराधी प्रवृत्ति के लोगों पर भी रहेगी नजर
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के विभिन्न महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। चुनाव से पहले बचे अंतिम 24 घंटों में संवेदनशीलता और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए अलग-अलग कॉलेजों में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। एमबीपीजी कॉलेज समेत नैनीताल, लालकुआं, रामनगर, मलधनचौड़, मुक्तेश्वर और बेतालघाट आदि क्षेत्रों में पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। एमबीपीजी कॉलेज में 29 सितंबर को मतदान निर्धारित है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि सभी कॉलेजों को उनकी कानून-व्यवस्था और क्राइम सेंसिटिविटी के आधार पर फोर्स आवंटित की गई है। तैनात पुलिस कर्मियों की ब्रीफिंग कर उन्हें चुनाव ड्यूटी से जुड़ी जिम्मेदारियां समझाई जा रही हैं। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में पुलिस फ्लैग मार्च और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेगी।
एसएसपी ने कहा कि चुनावी माहौल का फायदा उठाकर अपराधी प्रवृत्ति के लोगों द्वारा छात्रों को डराने-धमकाने या किसी तरह की आपराधिक गतिविधि करने की कोशिश पर पुलिस की नजर रहेगी। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। छात्रसंघ चुनाव के दौरान अराजकता और हुड़दंग को लेकर पुलिस पहले भी कार्रवाई की चेतावनी दे चुकी है। पुलिस ने चुनाव प्रक्रिया के दौरान लिंगदोह समिति की सिफारिशों का पालन सुनिश्चित करने की बात कही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस-प्रशासन की ओर से छात्र नेताओं को चुनावी गतिविधियां शांतिपूर्ण और निर्धारित नियमों के तहत संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी के मुताबिक फिलहाल विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया जा रहा है। इसके बाद आवश्यकतानुसार एनफोर्समेंट कार्रवाई की जाएगी और मतदान के दिन महत्वपूर्ण प्वाइंटों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। पुलिस का फोकस मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण बनाए रखने, कानून-व्यवस्था कायम रखने और किसी भी संभावित विवाद को समय रहते नियंत्रित करने पर रहेगा।






