Connect with us

Uncategorized

पत्रकार हित में 10 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन

हल्द्वानी। पर्वतीय पत्रकार महासंघ ने प्रदेश के पत्रकारों, न्यूज पोर्टलों तथा लघु एवं मझौले समाचार पत्रों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को 10 सूत्रीय ज्ञापन भेजा है। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश पाठक ने मुख्यमंत्री से पत्रकार हित में लंबित मामलों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है।
ज्ञापन में न्यूज पोर्टलों की विज्ञापन दरों की समीक्षा प्रमुख मांगों में शामिल है। महासंघ ने कहा कि वर्ष 2026-27 में विभिन्न आकार के बैनर विज्ञापनों के लिए निर्धारित ₹1,200 की समान दर को वेबसाइट की पहुंच, विज्ञापन के आकार, स्थान, अवधि तथा सर्वर एवं तकनीकी संचालन लागत के आधार पर संशोधित किया जाना चाहिए।
महासंघ ने कुमाऊं मंडल के पत्रकारों की सुविधा के लिए हल्द्वानी में प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) की शाखा या उपशाखा खोलने के लिए केंद्र सरकार को राज्य की ओर से संस्तुति भेजने की मांग भी की है। इसके अलावा लंबे समय से लंबित मामलों के निस्तारण के लिए विज्ञापन मान्यता समिति की बैठक शीघ्र बुलाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में पत्रकारों के लिए नियमित प्रशिक्षण एवं क्षमता विकास कार्यक्रम, डिजिटल मीडिया, साइबर सुरक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से संबंधित प्रशिक्षण शुरू करने की मांग रखी गई है। साथ ही मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए रेलवे यात्रा में पूर्व में मिलने वाली रियायत को बहाल कराने के लिए केंद्र सरकार से पहल करने का अनुरोध किया गया है।
महासंघ ने पत्रकारों और मीडिया संस्थानों का अधिकृत एवं अद्यतन डाटा बैंक तैयार करने, पात्र वयोवृद्ध पत्रकारों की पेंशन बढ़ाकर कम से कम 15 हजार रुपये प्रतिमाह करने तथा पेंशन प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की है।
इसके अलावा देहरादून और हल्द्वानी में पत्रकार आवास योजना शुरू करने, आसान किश्तों एवं रियायती शर्तों पर आवास उपलब्ध कराने, मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए सचिवालय प्रवेश की प्रक्रिया सरल करने तथा गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकारों को निर्धारित शुल्क पर सरकारी गेस्टहाउसों में ठहरने की सुविधा देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
महासंघ ने लघु एवं मझौले समाचार पत्रों के लिए वार्षिक विज्ञापन पैकेज निर्धारित करने तथा विज्ञापन बिलों के ऑनलाइन प्रस्तुतिकरण और समयबद्ध ऑनलाइन भुगतान की व्यवस्था लागू करने की भी मांग की है।
महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश पाठक ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती तकनीकी एवं संचालन लागत के कारण छोटे मीडिया संस्थानों और पत्रकारों के सामने कई व्यावहारिक चुनौतियां हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित करने का अनुरोध किया है। ज्ञापन देने वालों में संगठन के संरक्षक मंडल सदस्य डॉ दिनेश जोशी, डॉ राजेंद्र क्वीरा, श्रीमती भावना पाठक, डॉ मदन मोहन पाठक, जिलाध्यक्ष अजय उप्रेती, महानगर अध्यक्ष धीरज जोशी, गिरीश चंदोला, दीपक मनराल, सुरेंद्र मौर्य, आनंद बत्रा, ईश्वरी दत्त भट्ट, धर्मानंद खोलिया, जसवीर सिंह, उत्कर्ष जोशी समेत हिमालयन डिजिटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश पाण्डेय, हर्ष रावत सहित कई पत्रकार शामिल हुए।

More in Uncategorized

Trending News