उत्तराखण्ड
सीमांत क्षेत्रों में सुरक्षा की माउंटेन ब्रिगेड के ब्रिगेडियर संग एसपी चमोली की अहम मुलाकात, पुलिस–सेना समन्वय को मिली मजबूती।
सीमांत क्षेत्रों में सुरक्षा की माउंटेन ब्रिगेड के ब्रिगेडियर संग एसपी चमोली की अहम मुलाकात, पुलिस–सेना समन्वय को मिली मजबूती।
चमोली (जोशीमठ)। पुलिस अधीक्षक चमोली, सुरजीत सिंह पँवार ने ज्योतिर्मठ स्थित भारतीय सेना की प्रतिष्ठित 9वीं (I) माउंटेन ब्रिगेड के ब्रिगेडियर गौरव बत्रा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान जनपद चमोली में सुरक्षा व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, सीमांत क्षेत्रों में नागरिक सुरक्षा से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण एवं समसामयिक विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
हाल ही में आर्मी कैंप और मेहर गांव में हुई आगजनी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए दोनों अधिकारियों के बीच अग्निसुरक्षा पर विस्तृत चर्चा हुई। त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र एवं भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु संयुक्त रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। आपदा प्रबंधन के दृष्टिकोण से तय किया गया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आर्मी और पुलिस के बीच ‘इंट्रा-एजेंसी समन्वय’ को और बेहतर बनाया जाएगा। किसी भी संकट के समय सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए एक विशेष तंत्र विकसित करने पर सहमति बनी।
मुलाकात के दौरान एक महत्वपूर्ण तकनीकी उपलब्धि साझा की गई। सेना द्वारा बताया गया कि इस “कम्युनिटी रेडियो” के माध्यम से पुलिस विभाग द्वारा भी जनहित से जुड़े संदेश, आपदा अलर्ट, यातायात व सुरक्षा संबंधी सूचनाएं प्रसारित की जा सकती हैं, जिससे सीमांत क्षेत्रों में जनजागरूकता को बढ़ावा मिलेगा।
आगामी विश्व प्रसिद्ध नंदा देवी राजजात यात्रा को देखते हुए उच्च हिमालयी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष रणनीति तैयार की गई। दुर्गम रास्तों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आपातकालीन मदद के लिए सेना और पुलिस कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे। इसके अतिरिक्त, पुलिस व आर्मी क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही से उत्पन्न संभावित खतरों को देखते हुए आमजन की सुरक्षा हेतु समन्वित रणनीति पर विचार किया गया।
इसके साथ ही, शीताकालीन यात्रा के दौरान नीती घाटी का रुख कर रहे पर्यटकों की सुरक्षा और उनकी निगरानी को लेकर भी जानकारी साझा की गई, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक ज्योतिर्मठ देवेन्द्र रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद रावत व अन्य मौजूद रहे।









