Connect with us

Uncategorized

जंगल में चारा लेने गई महिला को हाथी ने कुचला, परिवार में मचा कोहराम

खटीमा। घर से मवेशियों के लिए चारा और जंगल से मशरूम बीनने निकली 55 वर्षीय देवकी राणा को क्या पता था कि यह उनका आखिरी सफर साबित होगा। जंगल में अचानक सामने आए हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी के हमले में देवकी की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं और घर में मातम पसरा दिया।जानकारी के अनुसार, खटीमा के श्रीपुर बिचवा गांव निवासी देवकी राणा पत्नी जवाहर सिंह राणा शुक्रवार को गांव के अन्य लोगों के साथ हल्द्वानी वन प्रभाग के शारदा रेंज स्थित सेनापानी जंगल गई थीं। सभी लोग जंगल में मवेशियों के लिए चारा और जंगली मशरूम बीन रहे थे। इसी दौरान अचानक एक हाथी सामने आ गया और उसने देवकी राणा पर हमला कर दिया। हाथी ने उन्हें जमीन पर पटककर कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अचानक हुए इस हमले से जंगल में मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के पुत्र ने वन विभाग की चौकी को सूचना दी। इसके बाद शारदा रेंज की एसडीओ शालिनी जोशी, वन क्षेत्राधिकारी मेधा सिंह समेत वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बनबसा थाना, चंपावत की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
किलपुरा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कैलाश गुणवंत ने बताया कि घटना जुबलीगंज बीट के कंपार्टमेंट नंबर दो, सेनापानी स्थित शारदा रेंज क्षेत्र की है। मृतका खटीमा के श्रीपुर बिचवा गांव की निवासी थीं। वन विभाग और पुलिस की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जंगल में रोजमर्रा की जरूरतों के लिए गई देवकी राणा की इस तरह असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर से वह चारा लेने निकली थीं, वहां अब उनकी वापसी का इंतजार हमेशा के लिए अधूरा रह गया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है

More in Uncategorized

Trending News