उत्तराखण्ड
ऑफिस में नशे में मिला कर्मचारी, सिटी मजिस्ट्रेट की छापेमारी में खुलासा; सस्पेंड करने के निर्देश
हल्द्वानी। काठगोदाम स्थित बिजली विभाग कार्यालय में उस समय हड़कंप मच गया जब सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने अचानक छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान एक कर्मचारी शराब के नशे में ड्यूटी करते हुए पाया गया, जिससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, कार्यालय सहायक दीपक बोरा के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि वह कार्य के दौरान शराब के नशे में रहता है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सिटी मजिस्ट्रेट ने अचानक निरीक्षण किया, जिसमें आरोप सही पाए गए।
छापेमारी के दौरान दीपक बोरा नशे की हालत में मिला, जिस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने मौके पर ही कड़ी फटकार लगाई और उच्च अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से उसे निलंबित (सस्पेंड) करने के निर्देश दिए।
सिटी मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासनहीनता और लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को भी चेतावनी दी कि कार्यस्थल पर पारदर्शिता और जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाए।
इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है और अन्य कर्मचारियों में भी सतर्कता बढ़ गई है।









