Uncategorized
ऋषिकेश में बड़ा बस हादसा: खाई में गिरने से 8 यात्रियों की मौत, 26 घायल,देखे वीडियो



हरिद्वार से जोशीमठ जा रही विश्वनाथ सेवा की बस 100 मीटर गहरी खाई में गिरी, मुख्यमंत्री धामी और प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख
पर्वत प्रेरणा संवाददाता।
ऋषिकेश। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से जोशीमठ जा रही विश्वनाथ सेवा की यात्रियों से भरी बस मुनि की रेती थाना क्षेत्र के गूलर बाजार के पास अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में आठ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
प्रभारी निरीक्षक मुनि की रेती प्रदीप चौहान के अनुसार, 32 सीटर बस भोर के समय गूलर बाजार के पास सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए गहरी खाई में गिर गई। हादसे के समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। टीमों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर यात्रियों को खाई से बाहर निकाला और घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उपचार के दौरान दो अन्य यात्रियों ने दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस मृतकों की शिनाख्त करने में जुटी है।
बॉक्स
सीएम धामी और पीएम मोदी ने जताया दुख
हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
बॉक्स
घायलों में उत्तराखंड सहित कई राज्यों के यात्री
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घायलों में मोहम्मद वहाब अंसारी (22), अर्जुन सौरन (34), बुधन मुर्मू (50) और राजकुमार (32) निवासी दुमका, झारखंड; राहुल कुमार (24) निवासी पटना, बिहार; अभिषेक (28) निवासी जसपुर और प्रत्यूष (23) निवासी खटीमा, ऊधमसिंहनगर शामिल हैं।
इसके अलावा तीन वर्षीय आयरा और उसकी मां नूर जहां (26) निवासी गुवाहाटी, जतिन (21) निवासी शाहदरा, दिल्ली, पंकज नेगी (31) निवासी रुद्रप्रयाग, संतोष कुमार (38) निवासी जहानाबाद, बिहार तथा वीरेंद्र सिंह (58) निवासी कर्णप्रयाग, चमोली भी घायल हुए हैं।
हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।





