Connect with us

Uncategorized

मूसलाधार बारिश से नैनीताल बेहाल: 23 सड़कें बंद, दो की मौत, कैंचीधाम में सबसे अधिक 124 मिमी बारिश

मीनाक्षी

नैनीताल। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने नैनीताल जिले में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कैंचीधाम में सबसे अधिक 124.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि जिले में पांच राज्य मार्ग और 18 ग्रामीण सड़कें बंद हो गई हैं। बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है और कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, नैनीताल की गुरुवार सुबह जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में लगातार बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों में कैंचीधाम में सर्वाधिक 124.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा नैनीताल (स्नो व्यू) में 119 मिमी, बेतालघाट में 118.5 मिमी, मुक्तेश्वर में 96.2 मिमी, खनस्यू (ओखलकांडा) में 80 मिमी, हल्द्वानी (काठगोदाम) में 72 मिमी, कालाढूंगी में 46 मिमी तथा रामनगर में 44 मिमी बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण जिले में यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई है।रिपोर्ट के अनुसार पांच राज्य मार्ग और 18 ग्रामीण मोटर मार्ग मलबा और भूस्खलन के चलते बंद हैं। इनमें खुटानी-भवाली-धानाचुली, रानीबाग-भीमताल-खुटानी-पदमपुरी, गर्जिया-बेतालघाट-खैरना, रामनगर-भंडारपानी-अमगढ़ी समेत कई प्रमुख मार्ग शामिल हैं। संबंधित विभागों द्वारा मार्गों को खोलने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार वर्षा जनित घटनाओं में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक बछिया की भी मौत हुई है। हालांकि भवन क्षति की कोई बड़ी घटना सामने नहीं आई है। बारिश का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा है। नौकुचियाताल और हैड़ाखान क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति आंशिक रूप से बाधित है, जिसे बहाल करने के लिए ऊर्जा विभाग की टीमें लगातार कार्य कर रही हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें, विशेषकर पर्वतीय मार्गों पर सावधानी बरतें और प्रशासन व मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें। वहीं सभी संबंधित विभागों को सड़कें खोलने, बिजली आपूर्ति बहाल करने और किसी भी आपदा की स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर रखा गया है।

More in Uncategorized

Trending News