उत्तराखण्ड
हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में हिंदूवादी संगठनों का प्रदर्शन, बांग्लादेश का पुतला फूंका, सरकार से कार्रवाई की मांग
लालकुआँ। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों के विरोध में देशभर में चल रहे प्रदर्शनों के क्रम में लालकुआँ में भी हिंदूवादी संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद सहित अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने शहर में जुलूस निकालकर बांग्लादेश का पुतला दहन किया और भारत सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की।
बजरंग दल के प्रखंड मंत्री पिंकू चंद्रा के नेतृत्व में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता एकत्रित हुए और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कोतवाली चौराहे पहुंचे, जहां बांग्लादेश के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रही हिंसा और अत्याचारों पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि बांग्लादेश में घटित घटनाओं से पूरे देश का हिंदू समाज आहत और आक्रोशित है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के इस्लामिक जिहादी और आतंकवादी कृत्यों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वक्ताओं का आरोप था कि मोहम्मद यूनुस के सत्ता में आने के बाद से बांग्लादेश में सरकार के संरक्षण में योजनाबद्ध तरीके से हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि उन्मादी भीड़ किसी भी देश का भला नहीं कर सकती और यदि बांग्लादेश सरकार ने हालात पर शीघ्र नियंत्रण नहीं किया तो स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है। साथ ही बांग्लादेश सरकार को हिंदू समाज को कमजोर समझने की भूल न करने की चेतावनी दी गई।
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने भारत सरकार से मांग की कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं। साथ ही हिंसा में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए भारत सरकार और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से तत्काल हस्तक्षेप करने का आग्रह किया गया।
प्रदर्शन में हिंदूवादी नेता शोवित त्यागी, अनिल मलकानी, राधेश्याम यादव, विक्रम राणा, मन्नू गोस्वामी, बॉबी संभल, गोविंद राणा, अरुण जोशी, विजय शर्मा, मनोज गुप्ता, दिनेश आर्य, नितेश शर्मा, रजनीश कुमार, विकास गुप्ता, अभिषेक झा, आकाश मथुर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।









