Connect with us

उत्तराखण्ड

घर पहुंचने से पहले छिनी जिंदगी, कैंटर की टक्कर से रोडवेज चालक की मौत

पर्वत प्रेरणा ब्यूरो

हल्द्वानी। काठगोदाम डिपो में तैनात एक रोडवेज चालक की रविवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे चालक को घर के पास ही एक तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि चालक लगभग 30 मीटर दूर जा गिरा और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गौलापार के पश्चिमी खेड़ा निवासी 44 वर्षीय अजय सिंह कुंजवाल, पुत्र मोती सिंह कुंजवाल, काठगोदाम डिपो में चालक के पद पर कार्यरत थे। रविवार रात करीब 11:30 बजे वह अपनी ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह घर के निकट पहुंचे, चोरगलिया की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अजय सिंह सड़क पर दूर जा गिरे, जबकि कैंटर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता अर्जुन बिष्ट मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल अजय को तत्काल अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेते हुए आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। काठगोदाम थाना प्रभारी जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि वाहन को सीज कर दिया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। अजय सिंह अपने पीछे दो बेटियों और एक छोटे बेटे को छोड़ गए हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ इसलिए भी टूट पड़ा है क्योंकि कुछ वर्ष पूर्व उनके बड़े भाई की भी एक सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी थी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने की आवश्यकता जताई है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के पांच जिलों में होगी बारिश, पढ़ लें मौसम विभाग का पूर्वानुमान

Ad
Continue Reading
You may also like...

More in उत्तराखण्ड

Trending News