Connect with us

Uncategorized

ऊधम सिंह नगर में हाईवे पर सनसनी: ट्रक चालक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, राहगीर महिला को लगी दो गोलियां; पांच नामजद आरोपियों पर मुकदमा

 

उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में मंगलवार रात हाईवे पर फिल्मी अंदाज में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया। मुंबई जा रहे एक ट्रक चालक पर कार सवार बदमाशों ने कई किलोमीटर तक पीछा कर गोलियां बरसाईं। इस दौरान ट्रक चालक तो किसी तरह बच निकला, लेकिन सड़क से गुजर रही एक बाइक पर सवार महिला फायरिंग की चपेट में आ गई। महिला को जांघ और कंधे में दो गोलियां लगीं, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर किया गया। पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम पटेरी (वर्तमान निवासी ग्राम दोपहरिया) निवासी जगजीत सिंह पेशे से चालक हैं। 30 जून की रात करीब 9:20 बजे वह अशोक लीलैंड की चेसिस लेकर खालापुर, पनवेल (मुंबई) के लिए रवाना हुए थे। आरोप है कि गांव से बाहर हाईवे पर पहले से घात लगाए बैठे मारुति ब्रेजा और बिना नंबर की स्विफ्ट कार में सवार पांच लोगों ने उनकी गाड़ी को रोकने का प्रयास किया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी।

जगजीत सिंह ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन की रफ्तार बढ़ा दी, लेकिन हमलावरों ने कई किलोमीटर तक उनका पीछा किया। सिरौलीकला चौराहे, खालसा ढाबा और गौला पुल के पास भी चलती चेसिस पर कई राउंड फायरिंग की गई। गोलियां लगने से वाहन की बॉडी और बैक लाइट भी क्षतिग्रस्त हो गई।

इसी दौरान उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बल्लिया मुड़िया निवासी साहिस्ता बी अपने पति इशरार और बच्चों के साथ बाइक से गुजर रही थीं। ट्रक चालक पर चलाई गई गोलियों में से दो गोलियां साहिस्ता बी के जांघ और कंधे में जा लगीं। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।

यह भी पढ़ें -  RTI रिपोर्ट ने बढ़ाई चिंता: पॉक्सो मामलों में भी नहीं मिल रही अपराधियों को सजा, आंकड़ों ने खोली पोल

पीड़ित चालक जगजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि हमलावरों से उनकी पुरानी रंजिश चल रही है। इससे पहले भी उन पर जानलेवा हमला हो चुका है, जिसकी रिपोर्ट उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के बिलासपुर थाने में दर्ज है।

घायल महिला और ट्रक चालक की शिकायत पर पुलभट्टा थाना पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों—जितेंद्र चौधरी उर्फ विरत चौधरी, हरमन, विक्रमजीत, निरंजन सिंह उर्फ निरु (निवासी डिबडिबा, बिलासपुर) और सर्वजीत बजवा उर्फ साबा (निवासी मुल्लाखेड़ा, भोट)—के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलभट्टा थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप मिश्रा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी

Ad

More in Uncategorized

Trending News