उत्तराखण्ड
आगामी विधानसभा सत्रों को लेकर एसपी चमोली ने भराड़ीसैंण में व्यवस्थाओं का निरीक्षण
चमोली। आगामी विधानसभा सत्रों के सुचारु, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने विधानसभा भराड़ीसैंण का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने विधानसभा प्रभारी शेखर पंत के साथ मिलकर सत्रों से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और मौके पर ही आवश्यक जानकारियाँ प्राप्त कीं।निरीक्षण के दौरान एसपी चमोली ने विधानसभा परिसर में चल रहे निर्माणाधीन कार्यों को नज़दीक से देखा और उनकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्रों के दौरान सुरक्षा, आवागमन और आपात सेवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, ऐसे में निर्माण कार्यों का समय पर और गुणवत्तापूर्ण होना आवश्यक है।इसके साथ ही पुलिस एवं उससे संबंधित महत्वपूर्ण नवीन निर्माण कार्यों का भी भौतिक अवलोकन किया गया। विशेष रूप से पुलिस कर्मियों के रहने की आवासीय व्यवस्थाओं पर एसपी चमोली ने गंभीरता से ध्यान दिया।उन्होंने कहा कि जो पुलिसकर्मी दिन-रात सुरक्षा में तैनात रहते हैं, उनके लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक आवासीय सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।निरीक्षण के दौरान एसपी चमोली ने कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करते हुए स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने परियोजना प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने और सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।एसपी चमोली ने कहा कि ये निर्माण कार्य केवल भवन नहीं, बल्कि भविष्य की सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर पुलिसिंग की नींव हैं, इसलिए इनकी मजबूती और उपयोगिता बेहद अहम है।इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक आनन्द रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुमित खुगशाल, उपनिरीक्षक अभिसूचना अनूप ढौढियाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।









