उत्तराखण्ड
कुत्ते की ताक में आया तेंदुआ, बिल्ले को बना ले गया शिकार,देखें वीडिओ
हल्द्वानी के कठघरिया क्षेत्र में दहशत, घरों तक पहुँच रहा जंगली खतरा
पर्वत प्रेरणा ब्यूरो
हल्द्वानी। न्यू सांई कॉलोनी, बजुनिया हल्दू क्षेत्र में तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। अब हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि तेंदुआ जंगल से निकलकर सीधे आबादी के बीच, घरों की चौखट तक पहुँचने लगा है।
बीती रात लगभग 10 बजे स्थानीय निवासी राज सिंह धामी के घर के बाहर घात लगाए बैठे तेंदुए ने कुत्ते को निशाना बनाया। हालांकि, शोर-शराबा होने पर कुत्ते को बचा लिया गया, लेकिन पास में बैठा बिल्ला तेंदुए का शिकार बन गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बन गया। तेंदुआ इससे पहले भी शहर के अन्य इलाकों के कई बार घरों की रेलिंग, छतों और गलियों में देखा जा चुका है, लेकिन अब उसका इस तरह घर के बिल्कुल पास आना खतरे की घंटी है। आज सुबह घटना स्थल से करीब 300 मीटर दूर बिल्ले के बाल और अवशेष मिलने से घटना की पुष्टि हुई।
यह इलाका घने जंगल से सटा हुआ है, लेकिन सुरक्षा के नाम पर कोई ठोस इंतजाम नहीं हैं। न तो जंगल और बस्ती के बीच तारबाड़ की व्यवस्था है और न ही पर्याप्त सोलर लाइट। अंधेरे का फायदा उठाकर जंगली जानवर आसानी से रिहायशी इलाकों में प्रवेश कर रहे हैं।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि संवेदनशील क्षेत्रों में तत्काल सोलर लाइट लगाई जाए और जंगल से सटे इलाकों में मजबूत तारबाड़ की जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। इधर ग्राम प्रधान दिनेश चंद्र जोशी ने आश्वासन दिया है कि वे जल्द ही मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाएंगे, जिसमें सोलर लाइट की व्यवस्था शामिल है।
फिलहाल, क्षेत्र में लोगों के बीच डर का माहौल है। बच्चे और बुजुर्ग घर से बाहर निकलने में हिचक रहे हैं। लगातार बढ़ती इन घटनाओं ने यह साफ कर दिया है कि अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो यह खतरा और भी गंभीर रूप ले सकता है।









