Uncategorized
नेपाल आपदा के बाद हाई अलर्ट पर चम्पावत, नदी घाटों पर बढ़ाई निगरानी, प्रशासन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में अचानक आई भीषण बाढ़ के बाद उत्तराखंड में भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। स्थिति को देखते हुए चम्पावत जिला प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और किसी भी आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी जारी किया है।
शारदा बैराज और नदी घाटों पर बढ़ी निगरानी
नेपाल में भारी बारिश और भीषण बाढ़ की स्थिति को देखते हुए चम्पावत जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सीमावर्ती टनकपुर क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सेनानायक SDRF के निर्देश पर टनकपुर की SDRF टीम को हाई अलर्ट पर रखा गया है। शारदा बैराज, शारदा घाट और संवेदनशील तटीय इलाकों में SDRF जवान लगातार गश्त कर रहे हैं। टीम ने घाटों और निचले इलाकों में पहुंचकर स्थानीय लोगों, यात्रियों और मछुआरों को नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना को लेकर जागरूक किया। लोगों से नदी किनारे अनावश्यक रूप से न जाने की अपील की गई है।
उफनती नदी के पास न जाने की अपील
प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि उफनती नदियों, शारदा घाट और तटीय क्षेत्रों के आसपास जाने से बचें। बच्चों और पशुओं को भी नदी तटों से दूर रखें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन या जिला आपदा कंट्रोल रूम को सूचना देने की अपील की गई है।
नेपाल में भीषण बाढ़ से चम्पावत अलर्ट
चमपावत के जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपद के लोगों से कहा है कि नेपाल के प्रभावित क्षेत्र में यदि कोई उत्तराखंड निवासी या परिचित फंसा है, अथवा उसके संबंध में कोई जानकारी चाहिए, तो तत्काल राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र के हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। प्रशासन के मुताबिक संबंधित व्यक्ति का नाम, मोबाइल नंबर, नेपाल में संभावित स्थान और उपलब्ध अन्य जानकारी साझा करने से राहत एवं बचाव एजेंसियों के बीच त्वरित समन्वय में मदद मिलेगी।
प्रशासन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 0135-2710334, 0135-2710335, 0135-2664314, 0135-2664315, 0135-2664316 और 8218867005 जारी किए हैं। इसके साथ ही ये भी अपील की है कि टोल फ्री नंबर 1070 पर भी संपर्क किया जा सकता है। जिलाधिकारी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आपदा से जुड़ी जानकारी केवल अधिकृत माध्यमों से साझा करने की अपील की है। जिला प्रशासन राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है।

नेपाल आपदा में 300 से अधिक भारतीय लापता
फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता नेपाल में फंसे उत्तराखंड के नागरिकों तक त्वरित सहायता पहुंचाना और सीमावर्ती क्षेत्रों में किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहना है। बता दें अभी तक मिली खबर के मुताबिक 300 से अधिक भारतीय लापता हैं। जिनकी तलाश तेज कर दी गई है






