Uncategorized
चारधाम यात्रा ने रचा नया रिकॉर्ड: 114 दिनों में 47 लाख के पार पहुंचा श्रद्धालुओं का आंकड़ा

उत्तराखंड में मानसून की बाधाओं और चुनौतियों के बावजूद चारधाम यात्रा नया रिकॉर्ड बनाने की ओर अग्रसर है। सरकार श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए यात्रा को नियंत्रित और आवश्यकता के अनुसार रोककर संचालित कर रही है, लेकिन तीर्थयात्रियों की आस्था में कोई कमी नहीं आई है। 114 दिनों में ही दर्शन करने वालों की संख्या 47 लाख के पार पहुंच चुकी है। यह आंकड़ा पिछले साल की तुलना में साढ़े चार लाख से अधिक है।
114 दिनों में 47 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए चारधाम दर्शन
बता दें इस साल 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपट खुलने के साथ चारधाम यात्रा का आगाज हुआ था। सोमवार 10 अगस्त तक इस यात्राकाल के 114 दिनों में कुल 47 लाख 2 हजार 703 श्रद्धालु चारधाम दर्शन कर चुके हैं, जबकि बीते साल 2025 में इतनी ही अवधि में 42 लाख 34 हजार 147 यात्री चारधाम दर्शन को पहुंचे थे। यह आंकड़ा पिछले साल की तुलना में 4 लाख 68 हजार 556 अधिक है।
चारों धामों में अब तक की कुल संख्या की बात करें तो बद्रीनाथ में 16 लाख 12 हजार 112, केदारनाथ में 14 लाख 50 हजार 116, गंगोत्री में 7 लाख 37 हजार 629 और यमुनोत्री धाम में 6 लाख 62 हजार 347 यात्री दर्शन कर चुके हैं। जबकि हेमकुंड साहिब में 2 लाख 40 हजार 499 श्रद्धालु शीश नवा चुके हैं।
चारों धामों में एक दिन में पहुंचे 15 हजार से अधिक श्रद्धालु
मौसम लगातार खराब होने और प्रशासनिक अलर्ट के बावजूद सोमवार को 15 हजार 376 श्रद्धालु चारधाम दर्शन को पहुंचे। इनमें सर्वाधिक 9559 यात्री बद्रीनाथ धाम पहुंचे। जबकि केदारनाथ में 4170, गंगोत्री में 1204 और यमुनोत्री धाम में 443 श्रद्धालुओं न दर्शन किए।
बद्रीनाथ पहुंचे 16.12 लाख से अधिक श्रद्धालु
भगवान बद्रीविशाल के दर्शन को श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। 23 अप्रैल से शुरू हुई यात्रा सोमवार 10 अगस्त को 110 दिन की अवधि पूरी कर चुकी है। इस दौरान 16 लाख 12 हजार 112 श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम में शीश नवा चुके हैं। पिछले साल की तुलना में इस बार 3 लाख 50 हजार 192 अधिक तीर्थयात्री दर्शन को पहुंच चुके हैं। पिछले साल 4 मई 2025 को बद्रीनाथ यात्रा का श्रीगणेश हुआ था। तब 21 अगस्त यानी 110 दिन में यह आंकड़ा 12 लाख 61 हजार 280 था।






