Uncategorized
साहू की गिरफ्तारी के बाद पूर्व सांसद टम्टा के मंत्री रेखा पर गंभीर सवाल, सरकार और कांग्रेस को भी घेरा

उत्तराखंड की राजनीति में भूचाल लाने वाले रेखा आर्य-पप्पू गिरधारी मामले में महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी साहू की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश का सियासी पारा चढ़ गया है। इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व सांसद और वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप टम्टा ने धामी सरकार पर तीखे हमले किए हैं। टम्टा ने कहा कि यह मामला महज किसी दंपत्ति के बीच का घरेलू कलह या कोई साधारण विवाद नहीं है, बल्कि इसके पीछे सत्ता के दुरुपयोग, आपराधिक साठगांठ और भ्रष्टाचार की एक बहुत बड़ी और गहरी कहानी छिपी हुई है। बता दें कि हाल ही में मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मंत्री का कहना था कि “कानूनी प्रक्रिया अपना काम करेगी और कानून को अपना काम करने देना चाहिए।” लेकिन कांग्रेस नेता प्रदीप टम्टा ने सवाल उठाया है कि क्या एसआईटी (SIT) द्वारा गिरधारी साहू की गिरफ्तारी हो जाने से इस पूरे मामले का पटाक्षेप हो जाता है? क्या उत्तराखंड की जनता के सामने जो यक्ष प्रश्न खड़े हुए हैं, वे महज एक गिरफ्तारी से शांत हो जाएंगे? नक्शेदेखें
‘2022 तक साथ मिलकर प्रदेश को लूटा’
प्रदीप टम्टा ने इस पूरे प्रकरण के इतिहास पर रोशनी डालते हुए कहा कि दोनों की शादी साल 2003-04 के दौरान हुई थी और वर्ष 2022 तक दोनों के बीच बेहद मधुर और घनिष्ठ संबंध रहे। टम्टा का गंभीर आरोप है कि इस पूरी अवधि के दौरान, जब रेखा आर्या विधायक और मंत्री पद पर बनी रहीं, तब दोनों ने मिलकर उत्तराखंड राज्य को बेखौफ होकर लूटा।
उन्होंने कहा कि गिरधारी साहू पर सिर्फ उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के कई थानों और न्यायालयों में बेहद संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उनके खिलाफ जमीन हड़पने, अवैध धंधों और यहाँ तक कि किडनी बेचने जैसे गंभीर मामलों के आरोप तक लग चुके हैं। इसके अलावा, मंत्री के अधीन आने वाले विभिन्न विभागों के कामकाज में पति का सीधा हस्तक्षेप और बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं। नक्शेदेखें
टम्टा ने सवाल किया कि जब तक दोनों के संबंध अच्छे थे, तब तक मंत्री अपने पति की इन तमाम आपराधिक गतिविधियों पर पूरी तरह खामोश क्यों रहीं? मंत्री स्वयं स्वीकार करती हैं कि उनके संबंध 2022 के बाद खराब हुए। तो क्या 2022 से पहले हुए भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और सरकारी संसाधनों की लूट की कोई जाँच नहीं की जाएगी?
बेनामी संपत्ति और 100 करोड़ के महल का सच क्या है?
पूर्व सांसद ने इस मामले में सरकार की चुप्पी पर कड़ा ऐतराज जताते हुए वित्तीय अनियमितताओं को लेकर कई सवाल दागे। टम्टा ने कहा कि पति-पत्नी के इस सार्वजनिक विवाद से जनता के सामने कई चौंकाने वाले तथ्य उजागर हुए हैं। जैसे मंत्री के पति द्वारा सार्वजनिक रूप से 210 करोड़ रुपये की संपत्ति और बेनामी लेन-देन के आरोप लगाए गए। सवाल यह है कि एक विधायक और मंत्री के पास इतनी अकूत संपत्ति आखिर कहाँ से आई? इसकी निष्पक्ष जाँच कब होगी? उत्तर प्रदेश के बरेली में जिस सौ करोड़ रुपये के महलनुमा मकान की चर्चा हो रही है, उसका असली मालिकाना हक किसके पास है? यदि वह संपत्ति मंत्री की है, तो उसे अर्जित करने के लिए कमाई का वैध स्रोत क्या है?
यदि वह संपत्ति या कंपनियाँ उनके बच्चों या किसी संस्था के नाम पर हैं, तो उन बच्चों और कंपनियों की आय का जरिया क्या था? मंत्री का दावा है कि उन्हें फर्जी दस्तावेजों के जरिए कंपनी से हटा दिया गया। लेकिन सवाल उठता है कि उन कंपनियों को खरीदने या अधिग्रहित (acquire) करने के लिए करोड़ों रुपये का धन कहाँ से जुटाया गया? टम्टा ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के आयोजन, मिड-डे मील योजना और खाद्यान्न वितरण विभाग में हुए करोड़ों रुपये के कथित घोटालों में भी मंत्री और उनके पति की भूमिका पर सवाल उठते रहे हैं। क्या इन सभी सार्वजनिक घोटालों की सच्चाई कभी सामने आ पाएगी?
अपनी ही पार्टी और धामी सरकार पर साधा निशाना
प्रदीप टम्टा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य के भीतर अपराधियों और भ्रष्ट नेताओं का एक नापाक गठजोड़ फल-फूल रहा है। राज्य सरकार इस पूरे मामले पर रहस्यमयी खामोशी साधे हुए है और इतने बड़े सार्वजनिक भ्रष्टाचार को दबाने का प्रयास कर रही है। गणेश जोशी और रेखा आर्या जैसे मामले तो महज बानगी हैं, न जाने ऐसे कितने और मामले प्रकाश में आने बाकी हैं। इसके साथ ही प्रदीप टम्टा ने अपनी ही पार्टी (कांग्रेस) के शीर्ष रुख पर भी नाराजगी और निराशा व्यक्त की। उन्होंने कहा,- “मुझे अपनी पार्टी कांग्रेस से भी गिला-शिकवा है कि इस मुद्दे पर हम इतने नरम क्यों हैं? इतने बड़े भ्रष्टाचार, जिसने प्रदेश की राजनीति की जड़ों को हिलाकर रख दिया है, उस पर कांग्रेस ने अब तक राजभवन जाकर राज्यपाल से मंत्री रेखा आर्या को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की माँग क्यों नहीं की?”
जनता से निर्णायक लड़ाई की अपील
पूर्व सांसद ने उत्तराखंड की जनता से एक भावुक और गंभीर अपील की। उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड राज्य अपराध और राजनीति के नापाक गठबंधन के चंगुल में फंसा हुआ है। अगर आज यहाँ की जागरूक जनता ने इस गठजोड़ और सार्वजनिक संपत्ति की लूट के खिलाफ निर्णायक मुहिम नहीं छेड़ी, तो इस देवभूमि को तबाही से कोई नहीं बचा पाएगा। सरकार के संरक्षण में राज्य की संपत्तियों को लूटने का यह सिलसिला निर्बाध रूप से चलता रहेगा





