उत्तराखण्ड
अंकिता हत्याकांड की सीबीआई जांच व वीआईपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस का कैंडल मार्च, प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
गौरव गुप्ता
लालकुआँ। अंकिता हत्याकांड से जुड़े कथित ऑडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने मामले की सीबीआई जांच और वीआईपी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार देर शाम लालकुआँ में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नगर अध्यक्ष भुवन पांडे के नेतृत्व में कार्यकर्ता ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में एकत्रित हुए। इसके बाद कैंडल मार्च कोतवाली चौराहा और मुख्य बाजार से होते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरकर गांधी पार्क पहुंचा, जहां यह जनसभा में तब्दील हो गया।
जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के इशारे पर अंकिता हत्याकांड में शामिल वीआईपी आरोपियों को बचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि एक भाजपा विधायक की कथित पत्नी द्वारा ऑडियो वायरल किए जाने के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की संलिप्तता सामने आ गई है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिम्वाल ने चेतावनी दी कि यदि मामले में प्रकाश में आए वीआईपी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया तो कांग्रेस प्रदेश स्तर पर व्यापक आंदोलन शुरू करेगी।
कांग्रेस नेता हरेंद्र बोरा ने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा देने वाली भाजपा सरकार के शासन में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और अंकिता भंडारी इसका प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल अंकिता के परिवार की नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की लड़ाई है। सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर अपने नेताओं को बचाने का प्रयास कर रही है। ऐसे में मुख्यमंत्री को सीबीआई जांच की सिफारिश करनी चाहिए और नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए।
कैंडल मार्च व जनसभा में नगर कांग्रेस अध्यक्ष भुवन पांडे, बिंदुखत्ता ब्लॉक अध्यक्ष पुष्कर दानू, वरिष्ठ नेता हरेंद्र बोरा, राजेंद्र सिंह खनवाल, डॉ. बालम सिंह बिष्ट, हेमवती नंदन दुर्गापाल, संदीप पांडे, मीना कपिल, किरन जोशी, मुन्नी पांडे, माया देवी, हेमंत पांडे, सूरज राय, कमलेश यादव, कुंदन सिंह मेहता सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।









