Connect with us

Uncategorized

पेड़ से लटका मिला किशोरी का शव, हत्या की आशंका से हड़कंप, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

ऊधमसिंह नगर के काशीपुर केलाखेड़ा थाना क्षेत्र में रविवार तड़के आम के पेड़ से किशोरी का शव लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। परिजनों ने किशोरी की हत्या कर शव पेड़ से लटकाए जाने की आशंका जताई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।

जानकारी के अनुसार, किशोरी गदरपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। परिजनों के मुताबिक, शनिवार रात वह घर में सोई थी, लेकिन रविवार सुबह जब परिवार के लोग जागे तो वह बिस्तर पर नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान सुबह करीब 5:30 बजे केलाखेड़ा थाना क्षेत्र में एक आम के पेड़ से उसका शव लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

सूचना पर केलाखेड़ा थाना प्रभारी मनीष खत्री और गदरपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सीओ अखिलेश कुमार और गुलरभोज चौकी प्रभारी मेघा शर्मा ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं, निरीक्षक सत्य प्रकाश रायपा के नेतृत्व में पहुंची फॉरेंसिक टीम ने बारीकी से जांच करते हुए मौके से साक्ष्य एकत्र किए। घटनास्थल से लकड़ी का एक फट्टा भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है।

इधर, परिजनों ने किशोरी की हत्या कर शव पेड़ से लटकाए जाने की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जल्द खुलासे की मांग की है। सीओ अखिलेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किशोरी की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

More in Uncategorized

Trending News