उत्तराखण्ड
उत्तरायणी मेला संस्कृति और परंपरा को पुनर्जीवित रखने का सशक्त माध्यम : धामी
पर्वत प्रेरणा संवाददाता
सूरजकुंड–मंडलसेरा पुल, कुंती नाला व सूरजकुंड घाट निर्माण की घोषणा, बागेश्वर को बड़ी सौगात
बागेश्वर (गोविंद मेहता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ऐतिहासिक उत्तरायणी मेला हमारी संस्कृति, भाषा और परंपरा को पुनर्जीवित रखने का सशक्त माध्यम है। ऐसे मेलों से लोकसंस्कृति को संरक्षण मिलता है और नई पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़ती है।
उत्तरायणी मेले के अवसर पर मुख्यमंत्री ने बागेश्वर को कई महत्वपूर्ण विकास सौगातें देने की घोषणा की। उन्होंने सूरजकुंड से मंडलसेरा की ओर पुल निर्माण, कुंती नाला निर्माण तथा सूरजकुंड में घाट निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि इन योजनाओं से आवागमन सुगम होगा और धार्मिक व पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर नगर पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल को भी बधाई दी।





मुख्यमंत्री ने कहा कि शिव-पार्वती की कृपा और जनप्रतिनिधियों के सतत प्रयासों से बागेश्वर को लगातार विकास की बड़ी सौगातें मिल रही हैं। उन्होंने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। मेले में मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि बागेश्वर दुग्ध संघ 3000 लीटर दुग्ध उत्पादन का लक्ष्य पूरा होते ही प्रारंभ कर दिया जाएगा, जिससे स्थानीय दुग्ध उत्पादकों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे भाषा, संस्कृति और अपनी धरोहर को सहेजते हुए विकास के संकल्प को मजबूत करें।
मेलाध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने कहा कि उत्तरायणी मेला ऐतिहासिक स्वरूप में आयोजित हो, इसके लिए नगर पालिका द्वारा विशेष प्रयास किए गए हैं। मेलार्थियों के मनोरंजन के लिए कुमाऊँनी संस्कृति की अनुपम छटा को सजोए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने मेले के सफल आयोजन में सहयोग के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए सभी मेलार्थियों से मेले को भव्य और ऐतिहासिक बनाने में पूर्ण सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान कपकोट विधायक सुरेश गड़िया और दर्जा मंत्री शिव सिंह बिष्ट स्थानीय वाद्य यंत्रों की धुन और देवदासों के ढोल की थाप पर थिरकते नजर आए, जिससे मेला स्थल सांस्कृतिक उल्लास और उत्सव के रंगों से भर उठा।




इस अवसर पर दर्जा मंत्री शिव सिंह बिष्ट, भूपेश उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे, मेलाध्यक्ष सुरेश खेतवाल, बागेश्वर विधायक पार्वती दास, भाजपा प्रदेश महामंत्री एड. कुंदन परिहार, कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया, पूर्व कैबिनेट मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गढ़िया, ब्लॉक प्रमुख दीपा देवी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विशाखा खेतवाल, विनोद जीना अधिशासी अधिकारी गरुड़ ब्लॉक प्रमुख किशन बोरा, कपकोट ब्लॉक प्रमुख भावना साही, जिला महामंत्री संजय परिहार व घनश्याम जोशी, पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, मेलाधिकारी एवं उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
दर्जा मंत्री शिव और विधायक पार्वती दास ने मुख्यमंत्री से तीन मुख्य घोषणाएं कराकर सबको चौकाया
विधायक और पालिकाध्यक्ष ने प्रभारी मंत्री और मुख्यमंत्री का जताया आभार
बागेश्वर। मुख्यमंत्री ने वर्चुवली जुड़कर की तीन मुख्य घोषणाएं,सुबह थी चर्चा सी एम की घोषणा के बाद खुशी की लहर। प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा के प्रसिद्ध उत्तरायणी मेला के उदघाटन करते ही प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा दर्जा मंत्री शिव सिंह बिष्ट, स्थानीय विधायक पार्वती दास, विधायक प्रतिनिधि भाष्कर दास और पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल के बीच मेले के दौरान कुछ घोषणाएं होने, और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के वर्चुवली सम्बोधन के बीच महत्वपूर्ण घोषणाएं कराने को लेकर मंत्रणा हुई।जिसमें नगरवासियों की प्रमुख मांगो को लेकर उनके समाधान को लेकर घोषणाएं कराए जाने की मांग हुई।जिस पर विधायक दर्जा मंत्री और पालिकाध्यक्ष द्वारा प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा के साथ वार्ता में प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री से वर्चुवली सम्बोधन के दौरान तीन प्रमुख घोषणाएं करने का वायदा किया।जिसके बाद घोषणा होते ही विधायक और पालिकाध्यक्ष ने प्रभारी मंत्री और मुख्यमंत्री का आभार जताया।









