Uncategorized
हल्द्वानी: घर से सोने के कड़े और नकदी चोरी करने वाला बनभूलपुरा का आसिफ गिरफ्तार,एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने किया खुलासा…

हल्द्वानी: हल्द्वानी में घर से सोने के जेवर और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब पांच तोले के सोने के दो कड़े और 2 लाख 29 हजार रुपये की नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर को गुरुनानकपुरा निवासी अतुल नागपाल ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि 17 नवंबर को आसिफ नाम का एक व्यक्ति उनके घर में मजदूरी करने के बहाने आया था। इस दौरान आरोपी ने घर की अलमारी से सोने के जेवर चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले का संज्ञान लेते हुए तत्कालीन एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी की घटना के खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक नगर हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपी की पहचान आसिफ पुत्र शमीम अहमद, निवासी लाइन नंबर-18, आजाद नगर, चोरगलिया रोड, थाना बनभूलपुरा, उम्र 33 वर्ष के रूप में की। पुलिस ने 26 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए दो पीली धातु के कड़े (करीब पांच तोले) और 2 लाख 29 हजार रुपये नकद बरामद किए।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, कांस्टेबल विजय भारद्वाज और कांस्टेबल सतवीर सिंह शामिल रहे





