उत्तराखण्ड
अज्ञात वाहन की टक्कर से तेंदुए की मौत, वन विभाग की सुस्ती पर भड़के ग्रामीण
पर्वत प्रेरणा ब्यूरो
हल्दूचौड़ (नैनीताल)। क्षेत्र में वन्यजीव सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बबूर गुमटी के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से एक तेंदुए की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना हल्द्वानी वन रेंज क्षेत्र की बताई जा रही है, जिसने वन विभाग की कार्यप्रणाली को कठघरे में ला खड़ा किया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय गोला रेंज की टीम उसी मार्ग से गुजर रही थी। सड़क किनारे तेंदुए का शव पड़ा देख ग्रामीणों ने तत्काल वन कर्मियों से कार्रवाई की मांग की, लेकिन गोला रेंज के कर्मचारियों ने इसे हल्द्वानी रेंज का मामला बताते हुए जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने का प्रयास किया। ग्रामीणों के तीव्र आक्रोश के बाद ही गोला रेंज द्वारा हल्द्वानी रेंज को घटना की सूचना दी गई।
सूचना दिए जाने के बावजूद मौके पर वन विभाग की टीम के देर से पहुंचने पर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का आरोप है कि वन्यजीवों से जुड़े मामलों में विभागीय उदासीनता कोई नई बात नहीं है। समय पर कार्रवाई न होना और संवेदनशील घटनाओं में ढिलाई बरतना विभाग की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
घटना के बाद क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण, चेतावनी संकेतक लगाने और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग तेज हो गई है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।









