उत्तराखण्ड
बनबसा में गौवंश के साथ आपत्तिजनक हरकत का आरोप, शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच
पर्वत प्रेरणा संवाददाता
बनबसा (चम्पावत)। बनबसा थाना क्षेत्र में एक युवक पर गौवंशीय पशु के साथ आपत्तिजनक हरकत करने का आरोप लगाते हुए बजरंग दल ने पुलिस को तहरीर सौंपी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बजरंग दल के जिला संयोजक पवन मेहता ने थाना प्रभारी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि बीती रात एक युवक ने गौवंश के साथ आपत्तिजनक कृत्य करने का प्रयास किया। शिकायत में दावा किया गया है कि घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है।
तहरीर में यह भी कहा गया है कि इस घटना से स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। साथ ही आरोप लगाया गया है कि संबंधित युवक पहले भी इस प्रकार की हरकत कर चुका है, जिससे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। बजरंग दल ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, बनबसा थाना प्रभारी सुरेंद्र कोरंगा ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।






