Uncategorized
उत्तराखंड- यहाँ हुआ दर्दनाक सड़क हादसा: टायर फटने से ट्रक में घुसी कार, टूर एंड ट्रेवल व्यवसायी की मौत

ऊधम सिंह नगर के किच्छा में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में टूर एंड ट्रेवल व्यवसायी मोहित शर्मा की मौत हो गई। रुद्रपुर से घर लौटते समय उनकी कार का अगला टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मृतक की पहचान वार्ड नंबर-2, आजाद नगर निवासी 35 वर्षीय मोहित शर्मा पुत्र केशव शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, मोहित शर्मा देर रात करीब 11:30 बजे रुद्रपुर से अपने घर किच्छा लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार राधा स्वामी सत्संग भवन के सामने पहुंची, अचानक कार का अगला टायर फट गया। इससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद राहगीरों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से मोहित शर्मा को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि मोहित शर्मा किच्छा में टूर एंड ट्रेवल का व्यवसाय करते थे। उनके परिवार में पत्नी नैना शर्मा, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही बिगवाड़ा चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह रिग्वाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी ने बताया कि हादसे के कारणों की पुष्टि के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







