Uncategorized
डंपर-बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, युवक की मौत, महिला गंभीर
रामनगर/कालाढूंगी। हल्द्वानी-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कालाढूंगी के निकट गेबुआ क्षेत्र में शुक्रवार सुबह डंपर और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए रामनगर अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
बेलपड़ाव चौकी प्रभारी राजवीर सिंह नेगी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब सात बजे पदमपुर डोलिया निवासी कमलेश आर्य (32) पुत्र गोपाल राम अपनी बाइक (यूके-04 सीजी-5767) से कमोला निवासी बसंती थापा के साथ कालाढूंगी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे डंपर (यूके-04 सीसी-5918) से उनकी बाइक की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल रामनगर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने कमलेश आर्य को मृत घोषित कर दिया। वहीं बसंती थापा का उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक कमलेश आर्य अपने भाई की टेंट की दुकान में कार्यरत थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही डंपर चालक से पूछताछ भी की जा रही है।







