Connect with us

Uncategorized

नामी कंपनी के फ्रेंचाइजी रेस्टोरेंट पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा । बदबूदार प्याज और एक्सपायरी डेट मिटे मिले उत्पाद

हरिद्वार। त्यौहारी सीजन में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। हरिद्वार के सिडकुल स्थित एक मॉल में संचालित नामी कंपनी के फ्रेंचाइजी रेस्टोरेंट पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापेमारी कर कई गंभीर अनियमितताएं पकड़ीं। जांच के दौरान बर्गर और अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण में बदबूदार और अनुपयुक्त कटे हुए प्याज का इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया। टीम ने मौके से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए रुद्रपुर स्थित प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
लेबल से मिटाई गई मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट
खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में टीम ने रेस्टोरेंट की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि खाद्य पदार्थों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कुछ उत्पादों के लेबल से मैन्युफैक्चरिंग डेट और एक्सपायरी डेट मिटाई गई थी।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने बताया कि जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन से जुड़ी कई खामियां सामने आई हैं। रेस्टोरेंट में बदबूदार और अनुपयुक्त प्याज का इस्तेमाल किया जा रहा था, जबकि कुछ खाद्य उत्पादों पर निर्माण और समाप्ति तिथि स्पष्ट नहीं मिली।

मीट, आइसक्रीम और डेजर्ट की बिक्री पर रोक
जांच के दौरान एक और बड़ी अनियमितता सामने आई। रेस्टोरेंट के फूड लाइसेंस में मीट एवं मीट प्रोडक्ट तथा आइसक्रीम एवं डेजर्ट श्रेणी का इंडोर्समेंट नहीं था। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके पर ही संबंधित मीट प्रोडक्ट, आइसक्रीम और डेजर्ट के निर्माण एवं बिक्री पर रोक लगा दी।

त्यौहारी सीजन में जिलेभर में चल रहा जांच अभियान
खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर त्यौहारी सीजन को देखते हुए हरिद्वार जिले में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत रेस्टोरेंट, ऑनलाइन ई-प्लेटफॉर्म और मिठाई की दुकानों की जांच की जा रही है।खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने रुड़की, ज्वालापुर, लक्सर समेत जिले के कई अन्य क्षेत्रों में भी छापेमारी की है। विभाग ने जिलेभर से अब तक कुल 12 खाद्य नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।

यह भी पढ़ें -  पत्रकार हित में 10 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन

विभाग का कहना है कि त्यौहारी सीजन में मिलावटखोरी और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। जांच में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

More in Uncategorized

Trending News