Connect with us

उत्तराखण्ड

मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हाई वोल्टेज तार गिरने से मची भगदड़, छह श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

पर्वत प्रेरणा ब्यूरो

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में स्थित प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में आज उस समय हड़कंप मच गया जब मंदिर मार्ग पर अचानक एक हाई वोल्टेज बिजली का तार गिर गया। हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस दुखद घटना में छह श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आज बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान मंदिर के मुख्य मार्ग पर अचानक एक हाई वोल्टेज तार टूटकर नीचे गिर पड़ा। बिजली की चिंगारियों और तेज आवाज से लोग दहशत में आ गए और जान बचाने के लिए इधर-उधर दौड़ पड़े। देखते ही देखते भगदड़ मच गई।

स्थानीय प्रशासन, एसडीआरएफ, और पुलिस बल मौके पर तुरंत पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मौके पर स्थिति अब नियंत्रण में है, लेकिन लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक संदेश जारी करते हुए लिखा है “हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर मार्ग में भगदड़ मचने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस तथा अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में अलर्ट!, 24 October को इन जिलों में होगी बारिश-बर्फबारी

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी के निर्देश दिए हैं और कहा है कि घटना की पूरी जांच कराई जाएगी। साथ ही मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की भी बात कही गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे संयम बनाए रखें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News