Connect with us

Uncategorized

नैनीताल-रामनगर में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में चंदन सागर घायल

मीनाक्षी

नैनीताल/रामनगर। नैनीताल एवं रामनगर क्षेत्र में पुलिस और एक वांटेड बदमाश के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, दबिश के दौरान जंगल में छिपे बदमाश चंदन सागर ने घेराबंदी किए जाने पर पुलिस टीम और वाहनों पर कई राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।पुलिस के मुताबिक, चंदन सागर के खिलाफ करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं और उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस दबिश के दौरान वह हाथी बगड़ वन विभाग चेक पोस्ट से आगे जंगल में जाकर छिप गया था।
पुलिस टीम ने जंगल की घेराबंदी की तो बदमाश ने पुलिसकर्मियों और वाहनों को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायर किए। फायरिंग में पुलिस का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ। इसके बाद कंट्रोल रूम को सूचना दी गई और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने पूरे जंगल की घेराबंदी कर बदमाश को घेर लिया।
इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में चंदन सागर के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, चंदन सागर क्षेत्र में भय का माहौल पैदा करने वाला वांटेड बदमाश रहा है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
SSP नैनीताल मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

More in Uncategorized

Trending News