उत्तराखण्ड
फिल्म अभिनेता राजपाल यादव ने किए मां पूर्णागिरि के दर्शन, मंदिर समिति ने किया स्वागत
टनकपुर ( विनोद पाल/पर्वत प्रेरणा ब्यूरो)। बॉलीवुड के मशहूर फिल्म अभिनेता राजपाल यादव ने आज प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां पूर्णागिरि धाम पहुंचकर माता के दर्शन किए और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों के अनुसार राजपाल यादव ने मां पूर्णागिरि मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उनके अचानक धाम पहुंचने की सूचना मिलते ही भैरव मंदिर क्षेत्र में स्थानीय श्रद्धालुओं और लोगों में उत्साह का माहौल बन गया। कई लोगों ने अभिनेता के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

इस दौरान मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने राजपाल यादव का तिलक लगाकर एवं प्रसाद भेंट कर स्वागत किया। अभिनेता ने मां पूर्णागिरि के दर्शन को अपने लिए सौभाग्य बताया और मंदिर की आध्यात्मिक एवं प्राकृतिक छटा की सराहना की। उनके आगमन से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।










