Uncategorized
हल्द्वानी: पति पर अप्राकृतिक संबंध और दोस्तों से संबंध बनाने का दबाव डालने के गंभीर आरोप।
विवाहिता की शिकायत पर पति, सास और ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
हल्द्वानी। शहर में एक विवाहिता ने अपने पति, सास और ससुर पर शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न, मारपीट और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के कुछ माह बाद शुरू हुआ विवाद
पीड़िता के अनुसार उसकी शादी वर्ष 2024 में एक कपड़ा कारोबारी से हुई थी, जिसकी मीरा मार्ग क्षेत्र में कपड़ों की दुकान है। महिला का आरोप है कि शादी के करीब दो माह बाद से ही पति का व्यवहार बदल गया और वह उसके साथ मारपीट करने लगा। इसके साथ ही उसे मानसिक रूप से भी प्रताड़ित किया जाने लगा।
पति पर लगाए गंभीर आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि पति उस पर घर आने वाले मेहमानों के लिए मांस और शराब परोसने का दबाव बनाता था। इसके अलावा उसने पति पर उसकी इच्छा के विरुद्ध अप्राकृतिक संबंध बनाने और दोस्तों के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौच, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
कमरे में बंधक बनाकर रखने का आरोप
शिकायत में महिला ने कहा है कि पिछले कई महीनों से उसे घर के एक कमरे में कैदियों की तरह रखा गया। उसका आरोप है कि उसके खाने-पीने की व्यवस्था भी उसके मायके पक्ष के लोग कर रहे थे। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि एक बार उसके पति और सास ने बेलन से मारपीट की तथा उसका गला दबाने और मुंह में नशीला पदार्थ डालने का प्रयास किया।
डायल 112 पर मांगी थी मदद
पीड़िता के अनुसार उक्त घटना के बाद उसने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस से सहायता मांगी थी। वहीं होली के दौरान जब उसके भाई-बहन उससे मिलने पहुंचे तो पति और सास ने उनके साथ भी मारपीट कर उन्हें घर से बाहर निकाल दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पुलिस के अनुसार पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति, सास और ससुर के खिलाफ मारपीट, धमकी देने और अवैध रूप से बंधक बनाने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







