उत्तराखण्ड
रैली से पहले एसएसपी कार्यालय में धरने पर बैठे कांग्रेसी
बसों को रोके जाने का आरोप, एसपी के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ धरना
पर्वत प्रेरणा ब्यूरो
हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा से पहले हल्द्वानी में सियासी माहौल गरमा गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता एसएसपी कार्यालय पहुंचे और कार्यालय परिसर में ही धरने पर बैठ गए।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि खड़गे की रैली में शामिल होने के लिए प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से हल्द्वानी पहुंच रही कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बसों को पुलिस प्रशासन द्वारा जगह-जगह रोका जा रहा है। इससे नाराज कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एसएसपी कार्यालय में धरना शुरू कर दिया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने पुलिस-प्रशासन पर सरकार के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि रैली में आने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है और बसों को रोका जा रहा है।
धरने की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी ट्रैफिक/क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र ने कांग्रेस नेताओं से वार्ता की और बैरिकेडिंग हटाकर रैली में आने वाली बसों को आगे जाने के निर्देश दिए। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने धरना समाप्त कर दिया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे कार्यकर्ताओं को रोकना उचित नहीं है। वहीं पुलिस प्रशासन की ओर से व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही गई।







