Uncategorized
भीषण सड़क हादसा-रोडवेज बस और पिकअप की आमने-सामने टक्कर, तीन की मौत; पांच गंभीर घायल

टक्कर इतनी भीषण कि पिकअप के उड़ गए परखच्चे, दो लोग फ्लाईओवर से नीचे गिरे; तड़के 4:30 बजे हुआ हादसा
हरिद्वार। श्यामपुर थाना क्षेत्र स्थित 4.2 फ्लाईओवर के पास सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और एक पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के कारण हुआ। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दो लोग टक्कर के बाद फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे हुई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद पिकअप में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उन्हें एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल भिजवाया। घायलों का उपचार जारी है, जिनमें कुछ की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
हादसे में बढ़ापुर (नजीबाबाद) निवासी 18 वर्षीय अहान और 35 वर्षीय फहीम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक अन्य व्यक्ति ने भी दम तोड़ दिया, जिसकी पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
दुर्घटना में हरदोई निवासी सोहने लाल (25), शराफत (42), उनकी पत्नी शबाना (35), अनु (18) निवासी बढ़ापुर (नजीबाबाद) तथा बिजनौर निवासी समीम (42) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण दोनों वाहनों की तेज रफ्तार माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात बाधित रहा। बाद में पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही पुलिस ने साक्ष्य जुटाने और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।







