Connect with us

Uncategorized

रक्षाबंधन पर बिंदुखत्ता में सिलेंडर लीकेज का हादसा, घर में भीषण आग; लाखों का सामान खाक

सिलेंडर लीकेज से लगी आग ने कुछ ही देर में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। भीषण आग में टीवी, फ्रिज, पंखे, बिस्तर, बर्तन समेत घर का तमाम सामान और बिजली की पूरी वायरिंग जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि घटना के समय घर में मौजूद दोनों बेटियां सुरक्षित बाहर निकल आईं और बड़ा हादसा टल गया।

सिलेंडर लीकेज के बाद आग ने घर को लिया चपेट में, दोनों बेटियां बाल-बाल बचीं; दमकल ने कड़ी मशक्कत से पाया काबू

लालकुआं, 28 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के त्योहार के बीच लालकुआं के बिंदुखत्ता क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक परिवार के घर में गैस सिलेंडर लीक होने से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों के बीच सिलेंडर आग के गोले में तब्दील हो गया और रसोई से उछलकर बरामदे में जा गिरा। हादसे में टीवी, फ्रिज, पंखे, बिस्तर, बर्तन समेत घर का तमाम घरेलू सामान और बिजली की पूरी वायरिंग जलकर राख हो गई। घटना में परिवार को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। गनीमत रही कि घर में मौजूद दोनों बेटियां समय रहते बाहर निकल गईं और बाल-बाल बचीं।
घटना बिंदुखत्ता के राजीव नगर, बोरिंगपट्टा निवासी बुद्धि बल्लभ जोशी (48) के घर में हुई। बताया गया कि उनकी पत्नी पिछले कई दिनों से गंभीर रूप से बीमार हैं और सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती हैं। घटना के समय बुद्धि बल्लभ जोशी भी अस्पताल में मौजूद थे, जबकि घर में उनकी दोनों बेटियां थीं।
सुबह 8:30 बजे लगाया था नया सिलेंडर
परिजनों के मुताबिक नया सिलेंडर भरवाया गया था, जिसे शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे घर में लगाया गया। बताया गया कि सिलेंडर के वाल्व की पिन निकल गई, जिससे गैस का रिसाव शुरू हो गया। इसी दौरान घर के मंदिर में जल रहा दीपक गैस के संपर्क में आ गया और देखते ही देखते आग भड़क उठी।
आग तेजी से फैलने लगी और कुछ ही क्षणों में रसोई में रखा सिलेंडर आग के गोले में तब्दील हो गया। तेज लपटों के बीच सिलेंडर रसोई से उछलकर बरामदे में जा गिरा। घटना के समय घर में मौजूद दोनों बेटियां घबराकर तत्काल बाहर निकल आईं। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।
दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
सूचना मिलते ही बिंदुखत्ता चौकी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग इतनी भीषण थी कि घर में रखा फ्रिज भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका कंप्रेसर फट गया।
अग्निकांड में घर के टीवी, फ्रिज, पंखे, बिजली की वायरिंग, बिस्तर, बर्तन और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन अभी किया जाना बाकी है, लेकिन परिजनों के अनुसार नुकसान लाखों रुपये का है।
गैस एजेंसी संचालक बोले- पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता
घटना की सूचना मिलते ही सुरुचि इंडियन गैस सर्विस, लालकुआं के संचालक पंकज सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण करने पर प्रथमदृष्टया रेगुलेटर सही तरीके से नहीं लगा होने के कारण गैस रिसाव की आंशका है। उन्होंने कहा कि घटना के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार के साथ एजेंसी खड़ी है और एजेंसी की ओर से परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
पत्नी अस्पताल में भर्ती, परिवार पर एक और संकट
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक बुद्धि बल्लभ जोशी की पत्नी पहले से गंभीर बीमारी के चलते सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती हैं। ऐसे में घर में हुए इस अग्निकांड ने परिवार की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार पहले से आर्थिक संकट से जूझ रहा है और अब घर का सामान तथा घरेलू उपयोग की अधिकांश वस्तुएं आग में जल जाने से परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से घटना की जांच कराकर नुकसान का आकलन कराने तथा पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।

More in Uncategorized

Trending News