Connect with us

उत्तराखण्ड

शराब की ओवर रेटिंग और अवैध बिक्री पर लगेगी लगाम, आबकारी विभाग ने लॉन्च किया क्यूआर कोड

देहरादून। प्रदेश में शराब की ओवर रेटिंग और अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने एक बड़ा कदम उठाया है। गुरुवार को विभाग ने एक विशेष क्यूआर कोड प्रणाली लॉन्च की, जिससे आम जनता आसानी से अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेगी। यह क्यूआर कोड प्रदेशभर के आबकारी कार्यालयों और शराब की दुकानों पर लगाया जाएगा, ताकि उपभोक्ता किसी भी अनियमितता की जानकारी सीधे विभाग को भेज सकें।

गांधी रोड स्थित मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रमुख सचिव एल फैनई और सचिव एवं आयुक्त आबकारी हरिश्चंद्र सेमवाल ने क्यूआर कोड का औपचारिक शुभारंभ किया। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रणाली के तहत ओवर रेटिंग, अवैध शराब बिक्री या तस्करी जैसी शिकायतें सीधे दर्ज कराई जा सकेंगी और विभाग इन पर त्वरित कार्रवाई करेगा। मैदानी क्षेत्रों में 24 घंटे और पर्वतीय क्षेत्रों में 48 घंटे के भीतर शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा।

इस नई पहल का उद्देश्य शराब की दुकानों में मनमानी कीमत वसूली और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना है। विभाग के वरिष्ठ अधिकारी इन शिकायतों की नियमित समीक्षा करेंगे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उप आबकारी आयुक्त प्रभा शंकर मिश्रा ने बताया कि यह कदम जनता के हित में उठाया गया है और सभी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा।

इस अवसर पर अपर आबकारी आयुक्त नरेंद्र सिंह, पीएस गर्ब्याल, बीएस चौहान, टीके पंत, उप आबकारी आयुक्त आलोक शाह और वरिष्ठ वित्त अधिकारी शुभम तोमर सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों का कहना है कि इस नई प्रणाली से शराब की दुकानों में हो रही अनियमितताओं पर सख्ती से लगाम लगेगी और उपभोक्ताओं को उचित मूल्य पर शराब उपलब्ध कराई जा सकेगी।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के तीन जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, IMD ने जारी किया पूर्वानुमान
Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News