उत्तराखण्ड
नशामुक्ति के संकल्प के साथ दौड़े युवा, ‘रन फॉर अवेयरनेस’ रैली को मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी
पर्वत प्रेरणा ब्यूरो।
हल्द्वानी। नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को सशक्त करने के उद्देश्य से आयोजित ‘रन फॉर अवेयरनेस’ रैली का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एमबी इंटर कॉलेज मैदान से हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान हजारों की संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्यमंत्री ने रैली को रवाना करने से पूर्व कहा कि यह आयोजन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ जनजागरूकता का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का युवा अब नशे को ‘ना’ और जीवन को ‘हाँ’ कहने के लिए आगे आ रहा है, जो राज्य के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।
उन्होंने नशे को “साइलेंट वार” बताते हुए कहा कि यह धीरे-धीरे समाज, विशेषकर युवाओं को अपनी गिरफ्त में ले रहा है। उन्होंने युवाओं को सचेत करते हुए कहा कि नशे की शुरुआत भले ही मजाक में होती हो, लेकिन इसका अंत जीवन को संकट में डाल देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ से प्रेरित होकर राज्य सरकार ठोस कदम उठा रही है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के गठन के बाद नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों की बरामदगी के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी भी की गई है। साथ ही एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी (एटीएफ) केंद्रों का विस्तार किया जा रहा है।



उन्होंने बताया कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए ‘दगड़िया क्लब’ बनाए गए हैं, जो समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि समाज की सहभागिता और युवाओं की सक्रिय भूमिका से ही ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखंड’ का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।
इस अवसर पर डॉ. स्वामी रामेश्वरम हरि, डॉ. हरीश रौतेला, श्याम अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, भारत भूषण, डॉ. अशोक पाल, सुरेंद्र सिंह नामधारी, शंकर कोरंगा, शांति महरा, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, रेनू अधिकारी, ध्रुव रौतेला, सुरेश भट्ट, पूर्व मेयर जोगेंद्र सिंह रौतेला सहित आयुक्त कुमाऊं, सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।









