उत्तराखण्ड
भवाली-सेनिटोरियम मार्ग पर दर्दनाक हादसा, एक ही परिवार के चार समेत पांच की मौत
पर्वत प्रेरणा ब्यूरो
भवाली(नैनीताल)। सेनिटोरियम मोटर मार्ग पर आज दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। एक कार अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार सवार पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर खाई में गिरे लोगों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि दुर्घटना दोपहर करीब दो बजे भवाली-सेनिटोरियम रोड पर हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
हादसे में मृतकों की पहचान
भूपेंद्र सिंह चुफाल (48), निवासी खटीमा
सीमा कैड़ा चुफाल (45), पत्नी भूपेंद्र सिंह चुफाल
वासु चुफाल (19), पुत्र भूपेंद्र सिंह चुफाल
रवी चुफाल (12), पुत्री भूपेंद्र सिंह चुफाल
अनुज कुमार मिश्रा (34), चालक, निवासी अफसर नगर एलपीजी गोदाम, आलम नगर, लखनऊ
भवाली-सेनिटोरियम रोड पर सामान्य दिनों की तरह यातायात चल रहा था। पर्यटक प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेते हुए आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब दो बजे अचानक एक तेज आवाज सुनाई दी। लोगों ने देखा कि एक कार गहरी खाई में गिर चुकी है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसर गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने काफी मशक्कत के बाद शवों को खाई से बाहर निकाला। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।








