Connect with us

उत्तराखण्ड

रुड़की के होटल में सेना के जवान का शव मिलने से सनसनी, गंगोलीहाट में शोक की लहर

पर्वत प्रेरणा ब्यूरो

गंगोलीहाट। (नीरज पंत) पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट क्षेत्र निवासी भारतीय सेना के जवान का शव रुड़की के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक की पहचान 40 वर्षीय कमलदीप दशौनी उर्फ मनोज के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, कमलदीप दशौनी मूल रूप से पाताल भुवनेश्वर के समीप गनौरा गांव के निवासी थे। वर्तमान में उनका परिवार गंगोलीहाट स्थित जीआईसी के पास अपने आवास में रह रहा है। वह भारतीय सेना की बंगाल इंजीनियरिंग विंग में कार्यरत थे और वर्तमान में उनकी तैनाती पंजाब में थी।

कमलदीप अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके दोनों छोटे भाई भी देश सेवा में हैं, जिनमें एक सेना की बंगाल इंजीनियरिंग विंग और दूसरा भारतीय वायुसेना में कार्यरत है। करीब दो वर्ष पहले उनके पूर्व सैनिक पिता का भी निधन हो चुका था। परिवार में उनकी वृद्ध माता, पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं।

मृतक की पत्नी हेमलता खाती दशौनी जीआईसी चहज में सहायक अध्यापिका हैं। उनकी 12 वर्षीय पुत्री तानिया और 6 वर्षीय पुत्र राजवीर हैं। बताया जा रहा है कि करीब तीन महीने पहले नानी के निधन पर कमलदीप घर आए थे और वही उनकी परिवार से अंतिम मुलाकात थी।

जवान के निधन की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गंगोलीहाट और पाताल भुवनेश्वर क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

यह भी पढ़ें -  चंपावत जिले के आबकारी की शराब पहुंच गई बागेश्वर, पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी का किया भंडाफोड़

फिलहाल रुड़की पुलिस जवान की मौत के कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

More in उत्तराखण्ड

Trending News