उत्तराखण्ड
मासूम से दरिंदगी ने झकझोरा नैनीताल, जनआक्रोश में बंद हुए बाजार, सख्त कार्रवाई की उठी मांग
12 साल की बच्ची के साथ दो बार दरिंदगी होने की घटना के बाद नैनीताल शहर में गुस्सा फूट पड़ा है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद बुधवार देर रात से ही लोग सड़कों पर उतरने लगे। कई सामाजिक और धार्मिक संगठन मल्लीताल कोतवाली पहुंचे और धरने पर बैठ गए। कुछ स्थानों पर गुस्साए लोगों ने दुकानों में तोड़फोड़ भी की। जिससे शहर में हालात तनावपूर्ण हो गए हैं।
गुरुवार को मल्लीताल इलाके से जन आक्रोश रैली निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। रैली शांतिपूर्ण रही। लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में भारी फोर्स तैनात कर दी है। सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को रोकने के लिए निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
स्थानीय लोगों और संगठनों का कहना है कि यह केवल एक आपराधिक मामला नहीं है। बल्कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक है। उनका आरोप है कि बाहरी लोगों की लगातार बढ़ती संख्या और उनका सत्यापन न होने से इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं।
कई संगठनों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि सभी किरायेदारों का तत्काल पुलिस सत्यापन कराया जाए। जो लोग अवैध रूप से भारत में रह रहे हैं, उन्हें तत्काल निष्कासित किया जाए। आरोपी की संपत्ति जब्त की जाए और उसे सख्त से सख्त सजा दी जाए। जिन पुलिस अधिकारियों की लापरवाही से यह घटना हुई, उनकी जवाबदेही तय की जाए। साथ ही घटना से जुड़े किसी भी नेटवर्क की गहराई से जांच की जाए।
स्थानीय नागरिकों ने यह भी मांग की है कि सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एक संयुक्त निगरानी समिति बनाई जाए। जिसमें प्रशासन, पुलिस और स्थानीय लोग शामिल हों। यह समिति समय-समय पर क्षेत्र में निगरानी रखे। इसके अलावा ऐसे मकान मालिकों पर भी कार्रवाई की जाए। जो बिना पुलिस सत्यापन के किरायेदारों को घर दे रहे हैं।
गुरुवार को इस घटना के विरोध में मल्लीताल और तल्लीताल के व्यापार मंडलों ने पूर्ण बंद का ऐलान किया। जिसका असर पूरे क्षेत्र में देखा गया। नैनीझील में नौकायन सेवाएं भी ठप रहीं। घटना के चलते पर्यटन भी प्रभावित हुआ और कई पर्यटकों ने अपनी होटल बुकिंग रद्द कर दी।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। संयुक्त मजिस्ट्रेट वरुणा अग्रवाल ने बताया कि संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। और मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
















