Connect with us

उत्तराखण्ड

शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा का भीमताल में भव्य स्वागत, विकास को गति देने का दिया भरोसा

पर्वत प्रेरणा संवाददाता

हल्द्वानी। उत्तराखंड के शहरी विकास एवं जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र भीमताल पहुंचे। उनके आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने जोरदार स्वागत किया।
कैबिनेट मंत्री कैड़ा ने कहा कि वे राज्य के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे और विकास कार्यों को तेज़ करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
अमृतपुर, भीमताल मार्केट, खुटानी, चाफी, मटियाल, पदमपुरी और धारी जैसे क्षेत्रों में उनके स्वागत के लिए भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका अभिनंदन किया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंत्री कैड़ा ने अपनी नियुक्ति के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। उन्होंने भीमताल विधानसभा के मतदाताओं और कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके समर्थन से ही वे पुनः निर्वाचित होकर मंत्रिमंडल में सेवा का अवसर प्राप्त कर सके हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा जताए गए विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा।
कैड़ा ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र की हर समस्या के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य किया जाएगा।

More in उत्तराखण्ड

Trending News