उत्तराखण्ड
केवीएम स्कूल में भीषण आग, बहुमंजिला भवन धू-धू कर जला, तीन बसें भी चपेट में
पर्वत प्रेरणा ब्यूरो
हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र स्थित केवीएम (KVM) स्कूल परिसर में मंगलवार शाम भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और स्कूल की बहुमंजिला इमारत धू-धू कर जलने लगी। आग की ऊंची लपटें और आसमान में उठता धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने से आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शाम करीब सात बजे स्कूल भवन में अचानक आग लगी, जो कुछ ही देर में पूरे परिसर में फैल गई। आग की चपेट में स्कूल परिसर में खड़ी तीन बसें भी आ गईं, जिससे भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचित किया। इसके बाद दमकल विभाग की कई गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पाने के लिए लगातार पानी की बौछार शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भयावह थी कि उसकी लपटें काफी दूर से दिखाई दे रही थीं। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय स्कूल परिसर में किसी व्यक्ति के मौजूद होने की सूचना नहीं मिली, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें देर रात तक राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।











