Connect with us

उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा के लमगड़ा में भीषण सड़क हादसा, चार की मौत, दो गंभीर

पर्वत प्रेरणा ब्यूरो
अल्मोड़ा, 29 जून। जनपद के लमगड़ा क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बलिया–बैगनिया मोटर मार्ग पर हुआ, जहां एक अल्टो कार (यूके-04-जेड-5819) अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक पुलिस टीम और रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को खाई से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लमगड़ा पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल गोपाल सिंह और सचिन को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर हल्द्वानी भेज दिया।
दुर्घटना में कांग्रेस के जिला सचिव राजेंद्र सिंह बिलवाल (40 वर्ष), जगदीश सिंह (35 वर्ष), लछम सिंह (56 वर्ष) तथा पान सिंह (55 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक ग्राम बलिया, थाना लमगड़ा के निवासी थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी लोग ग्राम विशौद बैगनिया से अपने गांव बलिया लौट रहे थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
दुर्घटना की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिला सचिव राजेंद्र सिंह बिलवाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

यह भी पढ़ें -  बदरीनाथ धाम में टूटा पुराना रिकॉर्ड, पहली बार 17.79 लाख के पार पहुंची श्रद्धालुओं की संख्या

More in उत्तराखण्ड

Trending News